सावन के दूसरे सोमवार को रुद्रेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना, गंगा आरती में उमड़ा भक्तिभाव

 




धमतरी, 10 अगस्त (हि.स.)। सावन के दूसरे सोमवार को धमतरी शहर और आसपास का क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा रहा। सुबह से ही शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। शहर के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर, ग्राम रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर, नागेश्वर मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।

श्रद्धालुओं ने दूध, जल, अक्षत और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया तथा सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सावन सोमवार को लेकर मंदिरों में विशेष साज-सज्जा भी की गई थी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे। दिनभर शिवालयों में भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। आस्था और भक्ति के इस माहौल में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी भगवान भोलेनाथ की आराधना में लीन नजर आए। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

रुद्रेश्वर घाट में भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। बोल बम कांवरिया संघ द्वारा रुद्रेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना के साथ महानदी की गंगा आरती की गई। इस अवसर पर नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा सहित पार्षद पिंटू यादव, कुलेश सोनी, अखिलेश सोनकर और शैलेश रजक उपस्थित रहे। विशेष पूजा-अर्चना में भगवा वस्त्र धारण किए कांवरियों का जत्था आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे घाट परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से रुद्रेश्वर महादेव की पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद महानदी की भव्य गंगा आरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

इस अवसर पर राजेंद्र शर्मा ने कहा कि सावन की शक्ति और भक्ति से धर्म एवं अध्यात्म को नई ऊंचाई मिलती है। यही आध्यात्मिक ऊर्जा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना का संचार करती है। उन्होंने कहा कि धर्म की धरती धमतरी में इस तरह के आयोजन लोगों को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। बोल बम कांवरिया संघ द्वारा आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला है, जिसके लिए संघ साधुवाद का पात्र है। आयोजन के दौरान रुद्रेश्वर घाट का वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा