जांजगीर-चांपा में बैंकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान

 




जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल (हि. स.)। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बैंकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा आज बुधवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के सभी बैंकों का सघन निरीक्षण किया गया और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों में पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बैंक परिसरों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू स्थिति में रखें जाएं और उनका नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। साथ ही बैंक अलार्म सिस्टम को हमेशा सक्रिय रखने और उसकी समय-समय पर जांच करने के लिए कहा गया।

पुलिस ने बैंक में आने-जाने वाले लोगों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को यह भी सलाह दी कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

पुलिस का यह विशेष अभियान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे न केवल बैंक परिसरों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT