राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर मुजगहन में विशेष ग्राम सभा, आत्मनिर्भरता और विकास का लिया संकल्प

 


धमतरी, 24 अप्रैल (हि.स.)। लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत मुजगहन में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विशेष ग्राम सभा का भव्य आयोजन किया गया। 73वें संविधान संशोधन की भावना के अनुरूप आयोजित इस ग्राम सभा में शासन द्वारा निर्धारित विभिन्न एजेंडों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए ग्राम के समग्र विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में कई महत्वपूर्ण संकल्प पारित किए गए।

ग्राम सभा की शुरुआत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उपमुख्यमंत्री के रिकॉर्डेड ऑडियो संदेश से हुई, जिसे ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से सुना। इसके बाद ‘हमारा कोष-हमारा अधिकार’ अभियान के तहत समर्थ पोर्टल के माध्यम से शत-प्रतिशत कर आरोपण और वसूली सुनिश्चित कर पंचायत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया गया। डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में ग्राम सम्पाद एप में गाँव की समस्त परिसंपत्तियों को अपलोड करने का निर्णय लिया गया। वहीं स्वच्छता और जल संरक्षण को लेकर ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान के तहत व्यापक चर्चा हुई और आवश्यक प्रस्ताव पारित किए गए। शासकीय भवनों की नियमित साफ-सफाई और जल संसाधनों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों, उत्कृष्ट कलाकारों, खिलाड़ियों और स्व-सहायता समूह की ‘लखपति दीदियों’ का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही पंचायत पुरस्कार (PAI 1.0 एवं 2.0) के स्कोर कार्ड का सार्वजनिक प्रदर्शन कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई और ग्राम को ‘आदर्श ग्राम पंचायत’ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

सरपंच होमेश्वर साहू ने कहा कि पंचायती राज दिवस अधिकारों और कर्तव्यों का बोध कराता है तथा सामूहिक प्रयासों से ही गाँव विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है। जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने ग्राम सभा को लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई बताते हुए शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

उप सरपंच जतिन साहू ने जनभागीदारी को विकास का आधार बताते हुए युवाओं और ग्रामीणों से स्वच्छता एवं जल संरक्षण के संकल्प को धरातल पर उतारने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू ने ग्राम स्वराज की अवधारणा को साकार करने में पंचायती राज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए ग्राम के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ग्राम सभा में सामुदायिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में किशुन साहू, काशी राम साहू, बुलेश्वरी गोस्वामी (रोजगार सहायक), रूपचंद यादव, रामदयाल साहू, गोविन्दा कुमार राजे, गुलाब साहू, घनाराम साहू, खिलेश्वर साहू, होरीलाल साहू, धेसू राम साहू, लिलेश्वर साहू, लखन लाल सिन्हा, उषा साहू, निर्मला साहू, त्रिवेणी साहू, कुमारी साहू, नीलमती साहू, पुन्नू राम साहू, रीना साहू, भगवती साहू, अघनू राम गजपाल, प्रीतम गजपाल, तुलसा बाई साहू और भुवन लाल साहू (ग्राम पटेल) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम के जनप्रतिनिधियों, पंचों, महिला स्व-सहायता समूहों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को सफल और सार्थक बनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा