धान खरीद में पारदर्शिता और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश

 


पारस पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति नियमित अपडेट करने के निर्देश, लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण

जांजगीर-चांपा, 16 नवंबर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से शुरू हुई समर्थन मूल्य पर धान खरीद की समीक्षा की। उन्होंने नोडल अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को धान खरीद कार्य की नियमित निगरानी करने तथा टोकन जारी करने, उपार्जन केंद्रों में धान की आवक और भंडारण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी धान खरीद केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि धान खरीद केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, शौचालय, बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रखी जाएं, ताकि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित हो सके।

बैठक में पारस पोर्टल पर विभागवार योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को नियमित रूप से जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की निगरानी पारस पोर्टल के माध्यम से की जाती है। इसलिए सभी विभाग अपनी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और लक्ष्यों से संबंधित जानकारी समय पर दर्ज करें।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा जिले में अवैध अतिक्रमण के मामलों में नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, आर.के. तंबोली, प्रमोद गुप्ता, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT