युवा उत्सव 2026 के प्रचार के लिए विशेष रथ रवाना, 24-25 अप्रैल को प्रतिभाओं का महाकुंभ

 


धमतरी, 20 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच मिलने जा रहा है। 24 और 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष वाहन रथ को रवाना किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर इस प्रचार रथ को रवाना किया।

यह विशेष प्रचार वाहन जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को आयोजन की जानकारी देगा और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर कल्पना, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। युवा उत्सव के तहत विद्यार्थियों के लिए नृत्य, गायन, खेलकूद, वाद-विवाद, क्विज, चित्रकला और नाट्य प्रस्तुति जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जो युवाओं को अपनी कला और संस्कृति से जोड़ने का अवसर देंगे।

सांस्कृतिक संध्या में नामी कलाकारों की प्रस्तुति 24 अप्रैल को आयोजित छत्तीसगढ़ी संगीतमय संध्या में प्रसिद्ध कलाकार आरु साहू अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही “द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा” (राजिम) और रायपुर का चर्चित “आवाज क्रांति बैंड” अपनी धमाकेदार प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे। प्रेरणादायक सत्र और भव्य समापन 25 अप्रैल को लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म लल्लनटॉप के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी का विशेष सत्र आयोजित होगा। वे युवाओं को करियर, मीडिया और समसामयिक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। इसके बाद बस्तर का लोकप्रिय “वायरा बैंड” अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति के साथ उत्सव का भव्य समापन करेगा। जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं से इस महोत्सव में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को मंच देने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा