जांजगीर-चांपा में जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक, हर महीने सरपंचों के लिए लगेगा विशेष शिविर

 




जांजगीर-चांपा, 05 नवंबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में गुरुवार को सामान्य सभा एवं सामान्य प्रशासन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, वन और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत से संबंधित कार्यों के त्वरित निराकरण के लिए प्रत्येक माह सरपंचों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को विशेष शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए, ताकि सरपंचों की समस्याओं और लंबित कार्यों का समयबद्ध निराकरण किया जा सके। पूर्व सामान्य सभा में पारित प्रस्तावों के पालन प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई। वन विभाग द्वारा कराए गए पौधरोपण कार्यों की वास्तविक स्थिति और पौधों के संरक्षण की जानकारी लेने के साथ ही कैम्पा मद से कराए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के प्रचार-प्रसार, व्यय और लाभार्थियों की जानकारी ली गई। आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए समिति गठित कर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। वहीं, बालिकाओं की शिक्षा और आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में साइबर ठगी से बचाव, प्राथमिक उपचार तथा सीपीआर की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत पिछले एक वर्ष में लाभान्वित हितग्राहियों, योजना पर हुए व्यय और माता-पिता की सहमति से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी भी ली गई।

लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की योजनाओं के आय-व्यय की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

धान खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी और एटीएम सुविधा के निर्देश

सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में आगामी धान खरीदी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को टोकन, धान विक्रय और भुगतान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, एटीएम सुविधा उपलब्ध कराने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग को शिक्षकों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत कार्यालय की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और शासकीय कार्यों में ई-फाइल प्रणाली का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा शाखाओं के प्रभार में आवश्यक बदलाव कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड बनाने और लंबित आवेदनों का निराकरण करने, उद्योगों के अपशिष्ट को नदियों एवं जलस्रोतों में जाने से रोकने तथा धुआं प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों की नियमित जांच करने पर भी जोर दिया गया। मत्स्य विभाग को तालाबों को पट्टे पर देने से पहले ग्रामीणों की निस्तारी और सिंचाई संबंधी जरूरतों का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने और योजना के तहत निःशुल्क उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन कुमार जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका सिंह क्षत्री, राजकुमार साहू, संतोषी सिंह रात्रे, प्रमिला साहू, महादेव नेताम, उर्मिला यादव, बबीता रात्रे, शशिकला सिंह, उमा राठौर, मोहन कुमारी साहू, आशा साव, सांसद प्रतिनिधि विवेका गोपाल, वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, प्रभारी उपसंचालक पंचायत बरन सिंह मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT