पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए एक माह चलेगा विशेष अभियान

 


कोरबा, 18 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए जिले में एक माह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को पीवीटीजी परिवारों वाले गांवों में सरपंच और सचिव के समन्वय से स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा जांच के साथ आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने कहा। साथ ही छात्रावास, आश्रम और आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दिव्यांगजनों का विशेष सर्वे 1 से 30 सितंबर तक कराने के निर्देश दिए गए। सर्वे में पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर पहचान पत्र बनाने और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने कहा गया।

शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में मानदेय शिक्षकों की व्यवस्था करने तथा शिक्षा व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ई-एचआरएमएस और एग्रीस्टैक में जानकारी समय पर दर्ज कराने, पीएम सूर्यघर योजना का प्रचार बढ़ाने और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।

राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने त्रुटिरहित गिरदावरी कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गिरदावरी धान खरीदी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या गलत प्रविष्टि पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीएमओ और मुख्यमंत्री जनदर्शन सहित लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी