एग्रीस्टेक के लिए मगरलोड में लगा विशेष शिविर
19 सितंबर तक सहकारी समितियों में किसानों को मिलेगी सुविधा
धमतरी, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा, सुशासन और जनसुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान—25 वर्ष सेवा’ के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार काे मगरलोड क्षेत्र के किसानों को एग्रीस्टेक कार्ययोजना से जोड़ने और आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग देने के लिए सहकारी समितियों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। सहकारी समिति में सुबह 10 बजे से शिविर का आयोजन हुआ।
शिविर में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। 18 और 19 सितंबर को भी सहकारी समितियों में शिविर लगेगा। शिविरों का उद्देश्य किसानों को एग्रीस्टेक से संबंधित कार्यों में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ कृषि संबंधी जानकारी और सेवाओं को सुगम बनाना है। शिविर में संबंधित क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी, कृषक मित्र और कोटवार उपस्थित रहकर किसानों की मदद करेंगे। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सिंगपुर के अंतर्गत गिरोलाडीह, बोईरगांव, मोहेरा और मुरूमडीह के किसानों के लिए शिविर लगाया जाएगा। यहां ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी देवेंद्र नेताम, पटवारी चैतन्य नेताम और सीएससी संचालक विष्णु निर्मलकर किसानों को सहयोग देंगे।
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मुलगांव में मुलगांव, पिपरौद और सरईरूख क्षेत्र के किसानों के लिए शिविर आयोजित होगा। यहां ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी गुलाब नेताम, पटवारी कमलनारायण ध्रुव और सीएससी संचालक लेमन साहू मौजूद रहेंगे। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मगरलोड में मगरलोड और बुढाराव क्षेत्र के किसानों के लिए शिविर लगेगा। इसमें सूरज कुमार देवांगन, पटवारी हलेश्वर नेताम और सीएससी संचालक भारत निषाद सहयोग करेंगे। इसी तरह प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बेलरदोना में जलकुंभी क्षेत्र के किसानों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। यहां वेदव्यास सूर्यवंशी, पटवारी अंकुर ध्रुव और सीएससी संचालक किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र के किसानों से निर्धारित तिथि और समय पर नजदीकी शिविर स्थल पहुंचकर एग्रीस्टेक संबंधी कार्यों का लाभ लेने की अपील की है। अभियान के माध्यम से शासन की सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के साथ किसानों और ग्रामीण नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा