अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जांजगीर-चांपा पुलिस का विशेष जागरूकता कार्यक्रम
जांजगीर-चांपा, 08 मार्च (हि. स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के तहत सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ग्राम धाराशिव पहुंचीं, जहां उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में महिलाएं बिना डर के पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध और अन्य अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इसी तरह डीएसपी अजाक सतरूपा तारम ग्राम सिवनी पहुंचीं, जहां उन्होंने महिलाओं को आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताया और उन्हें जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों से बचने के लिए मोबाइल और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जानकारी साझा की।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर चांपा विश्राम गृह में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में भी पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और समाज में उनके योगदान की सराहना की गई।
पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना तथा समाज में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही और उन्होंने इस पहल की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT