जांजगीर-चांपा में अपराध पर एसपी विजय कुमार पांडेय का सख्त रुख, आरोपितों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 10 जुलाई (हि. स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में सख्त तेवर दिखाए। जनरल परेड का निरीक्षण करने के बाद हुई बैठक में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबित अपराधों का शीघ्र निराकरण, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तेज करने तथा अवैध शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई करते हुए जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निगरानीशुदा बदमाशों और गुंडा तत्वों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ समय पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और थाना स्तर पर बेहतर रिस्पांस टाइम बनाए रखा जाए, ताकि लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिल सके।
अपराध समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी बम्हनीडीह दिलीप सिंह को उनके क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के कारण कड़ी फटकार लगाई गई। वहीं चौकी प्रभारी नैला रंजीत कंवर को क्षेत्र के बड़े गांवों में नियमित रात्रि गश्त नहीं करने और आपराधिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं करने पर सख्त चेतावनी दी गई। एसपी ने दोनों अधिकारियों को भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा नहीं दोहराने की हिदायत दी।
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। थाना प्रभारी अकलतरा भास्कर शर्मा को हाल ही में पाकिस्तानी समर्थित स्लीपर सेल के एक सदस्य की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर विशेष रूप से सराहा गया। वहीं थाना प्रभारी शिवरीनारायण कृष्ण पाल सिंह को एक गंभीर आपराधिक प्रकरण का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करने पर पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एसपी विजय कुमार पांडेय ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति रहेगी। बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT