कृषि महाविद्यालय में दक्षिण क्षेत्रीय अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

 


जगदलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान परिषद के खेल प्रांगण में रविवार को 'दक्षिण क्षेत्रीय अंतरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2026' का भव्य और रंगारंग शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में दक्षिण क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों की कुल 06 टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने के लिए पहुंची हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ संजय शर्मा रहे। समारोह की अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के अधिष्ठाता डॉ. आरएस नेताम ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि महाविद्यालय पखांजूर के अधिष्ठाता डॉ. पीएल जॉनसन और क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र के सहसंचालक डॉ. एके ठाकुर मंचासीन थे। सीनियर अंडर ऑफिसर प्रदीप बघेल के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट (प्रोसेशन) निकाला गया, जिसमें सभी टीम मैनेजरों के साथ 06 टीमों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। अतिथियों द्वारा आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई।

उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद ट्रैक एवं फील्ड में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले शुरू हुए। बालक 100 मीटर दौड़ में जगदलपुर के आदित्य सिन्हा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कांकेर के भावेश द्वितीय और रतन कश्यप तृतीय स्थान पर रहे। बालिका 100 मीटर दौड़ में कुरूद की गौरी नेताम ने पहला स्थान प्राप्त किया, नारायणपुर की कौशल्या दूसरे और कुरूद की नेहा मंडावी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, बालक 800 मीटर दौड़ में नारायणपुर के शुभम ने प्रथम स्थान पाया, जबकि जगदलपुर के अरुण कुमार द्वितीय और कांकेर के संतोष सलाम तृतीय स्थान पर रहे। एथलेटिक्स स्पर्धाओं के साथ-साथ सामूहिक खेलों के अंतर्गत वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के क्वार्टर फाइनल मुकाबले भी प्रारंभ हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे