हेल्पलाइन पर शिकायत का हुआ समाधान, सोनहत के राजेश को मुख्यमंत्री ने भेजी ‘विष्णु की पाती’

 


बलरामपुर, 10 नवंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के सुदूर ग्राम सोनहत निवासी राजेश कुमार कुशवाहा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से विशेष पत्र मिला है। लर्निंग लाइसेंस से जुड़ी समस्या को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का निराकरण होने के बाद उन्हें लर्निंग लाइसेंस मिल गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से स्पीड पोस्ट से उन्हें शुभकामना संदेश भेजा।

मंगलवार को राजेश के घर पहुँचे इस पत्र में मुख्यमंत्री ने उन्हें और उनके परिवार को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी है। साथ ही लर्निंग लाइसेंस मिलने पर प्रसन्नता जताई है। मुख्यमंत्री की ओर से व्यक्तिगत पत्र मिलने पर राजेश के लिए यह खास अनुभव बन गया।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत इस उद्देश्य से की गई है कि नागरिक आसानी से अपनी बात शासन तक पहुँचा सकें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि शासन से संपर्क करने वाले प्रत्येक नागरिक को यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी बात गंभीरता से सुनी जा रही है।

पत्र में मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया है कि ऐसे अनुभवों से यह समझने में मदद मिलती है कि शासकीय सेवाएं आम लोगों के लिए कितनी उपयोगी साबित हो रही हैं और उन्हें कहां और सरल बनाने की जरूरत है।

लर्निंग लाइसेंस मिलने पर मुख्यमंत्री ने राजेश कुमार कुशवाहा को वाहन चलाना सीखते समय सुरक्षित अभ्यास करने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की सलाह भी दी है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के एक नागरिक तक मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत पत्र पहुँचना शासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद और जुड़ाव का उदाहरण है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय