रौतिया समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंडोरा में एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रौतिया समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों का किया लोकार्पण
रायपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपराएं और सामाजिक एकजुटता हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। रौतिया समाज ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, रीति-रिवाजों और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। हमारी सरकार समाज की इस गौरवशाली विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने आज शनिवार काे जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा मद से 50-50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों का लोकार्पण कर समाज को एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।
महोत्सव में पहुंचने पर रौतिया समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री श्री साय का पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन और गजमाला से आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।
मुख्यमंत्री साय ने सोहराई करमा महोत्सव एवं नवनिर्मित समाज भवन के लोकार्पण पर समाज के सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे निर्मित यह भव्य सामाजिक भवन समाज की एकता, संगठन और रचनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रौतिया समाज ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखते हुए सनातन संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की एकजुटता और परंपराओं के प्रति समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और नई पीढ़ी को आधुनिक अवसरों से जोड़ते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आगामी 13 दिसंबर को राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इन तीन वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने और प्रदेश के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली ला रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 33 किश्तों में 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। यह आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
रौतिया समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम में अखिल भारतीय रौतिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी साय ने समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से समाज को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। इससे समाज की संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलने के साथ सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई मिलेगी। उन्होंने बताया कि रौतिया समाज की विशेष रूप से सरगुजा एवं रायगढ़ अंचल में उल्लेखनीय उपस्थिति है।
रौतिया समाज के कोषाध्यक्ष विद्याचरण सिंह ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि नवनिर्मित समाज भवन सामाजिक एकता और भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह भवन समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। श्रीमती संयोगिता सिंह ने जशपुर राजपरिवार और रौतिया समाज के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज ने अपनी रीति-रिवाजों और परंपराओं को जीवंत रखकर सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाया है। श्री विश्वनाथ सिंह ने कहा कि रौतिया समाज की परंपराएं जशपुर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।
इस अवसर पर अखिल भारतीय रौतिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी साय, जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह, संयोगिता सिंह, विश्वनाथ सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, रौतिया समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल