जांजगीर-चांपा में पांच किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने मोटरसाइकिल भी की जब्त

 


जांजगीर-चांपा, 24 जून (हि. स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच किलोग्राम गांजा का अवैध परिवहन कर रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य का गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आज बुधवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर जिलेभर में अवैध कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को क्षेत्र में कार्रवाई के लिए रवाना किया गया था।

23 जून 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम धुरकोट के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम घसियाराम साहू निवासी शिवरीनारायण बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।

आरोपित के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि थाना कोतवाली क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT