इस साल जमीन की खरीदी-बिक्री में सुस्ती, आखिरी दिन उमड़ी भीड़
धमतरी , 31 मार्च (हि.स.)। धमतरी जिले में इस वित्तीय वर्ष जमीन की खरीदी-बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रही, लेकिन साल के अंतिम दिन रजिस्ट्री कार्यालय में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। 30 मार्च तक कुल 5032 रजिस्ट्रियां दर्ज की गईं, जिनसे शासन को 26 करोड़ 31 लाख 55 हजार 226 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
पंजीयन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025 में 1 अप्रैल से 31 मार्च के बीच 6008 रजिस्ट्रियां हुई थीं, जिससे 30 करोड़ 24 लाख 90 हजार 546 रुपये की आय हुई थी। इसके मुकाबले इस साल रजिस्ट्रियों की संख्या और राजस्व दोनों में गिरावट दर्ज की गई है।मार्च महीने की बात करें तो वर्ष 2025 में 838 रजिस्ट्रियां हुई थीं, जिनसे 3 करोड़ 31 लाख 15 हजार 60 रुपये का राजस्व मिला था। वहीं इस साल 30 मार्च तक 532 रजिस्ट्रियां हुईं, जिससे 3 करोड़ 72 लाख 38 हजार 747 रुपये की आय हुई।
अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच 4480 रजिस्ट्रियां दर्ज की गईं, जिनसे 23 करोड़ 3 लाख 72 हजार 79 रुपये का राजस्व मिला। इस प्रकार पूरे वर्ष में 5032 रजिस्ट्रियों के साथ कुल आय 26 करोड़ 31 लाख 55 हजार 226 रुपये रही। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन मंगलवार को रजिस्ट्री कराने वालों की लंबी कतारें देखी गईं। विशेष बात यह रही कि महावीर जयंती के अवकाश के बावजूद शासन के निर्देश पर पंजीयन कार्यालय खुला रहा और देर शाम तक रजिस्ट्रियों का कार्य जारी रहा। अगले पांच दिनों तक पंजीयन कार्यालय में अवकाश रहेगा, जिसके चलते रजिस्ट्री का कार्य बंद रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा