सराईटोला सब स्टेशन में धरना प्रदर्शन, बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान

 


धमतरी, 11 अप्रैल (हि.स.)। विकासखंड नगरी अंतर्गत सराईटोला सब स्टेशन क्षेत्र में लगातार विद्युत कटौती से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार काे सब स्टेशन परिसर के पास धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान धरने पर बैठे किसान एवं ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 15 दिनों से रोज शाम छह बजे से रात 11 बजे तक नियमित रूप से बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। इस अनियमित बिजली कटौती के कारण किसानों को कृषि कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि शीघ्र ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंप कर संबंधित विभाग से तत्काल समस्या के समाधान की मांग की है ताकि क्षेत्र में सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इस धरना प्रदर्शन में शत्रुघ्न साक्षी, रामेश्वर मरकाम सरपंच दुगली, रामेश मांडवी सरपंच बांधा, बंशी सोरी, अमृत मरकाम, धीर सिंह, रामलाल तुमरेटी, श्यामा मांडवी, नरसिंह मरकाम, रूमलाल नेताम, फेरेम लाल नेताम, पाहार मरकाम, धानी मरकाम, गयेतरू नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा