सीआरपीएफ 153वीं व 196वीं बटालियन में अंदरूनी क्षेत्रों एवं शहर की बहनों ने जवानों को बांधी राखी
बीजापुर, 28 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन बीजापुर जिले में भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। इसी कड़ी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 153वीं एवं 196वीं बटालियन के जवानों के लिए विशेष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहर की बालिकाओं और महिलाओं ने पहुंचकर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जवानों का समर्पण और त्याग समाज के लिए प्रेरणादायी है। जवान अपने परिवार और अपनों से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में भी देश और आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों द्वारा जवानों की कलाई पर बांधा गया रक्षा सूत्र उनके प्रति सम्मान, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को राखी बांधी। बहनों ने जवानों का तिलक कर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। जवानों ने भी बहनों को स्नेह और आशीर्वाद दिया। इस दौरान परिसर में भाई-बहन के प्रेम और भावनात्मक रिश्ते की झलक देखने को मिली। जिले के अंदरूनी इलाकों से पहुंची महिलाओं और बालिकाओं के लिए यह अवसर विशेष रहा। जिन जवानों को वे अक्सर सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र में तैनाती के दौरान देखते हैं, उन्हीं जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर उन्होंने अपनेपन का संदेश दिया। बहनों ने कहा कि जवान दिन-रात हमारी सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। वे अपने परिवार से दूर रहकर हमारी रक्षा करते हैं, इसलिए रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें राखी बांधना हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे