भगिनी प्रसूति सहायता योजना से पुष्पलता को मिले 20 हजार
जगदलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। शासन की मातृत्व कल्याण योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए भगिनी प्रसूति सहायता योजना से गृहणी पुष्पलता यादव को योजना के तहत दूसरे प्रसव के दौरान 20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। पुष्पलता के पति पेशे से ट्रक चालक हैं और वे स्वयं भी घर पर सिलाई का काम करने सहित मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करती हैं। शुरुआत में उन्हें भगिनी प्रसूति सहायता योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन जब वे किसी कार्यवश कलेक्टर कार्यालय गईं, तब उन्हें इस लाभकारी योजना के बारे में पता चला।
योजना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र से संपर्क साधा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग और मार्गदर्शन से उनका श्रमिक कार्ड बना, जिसके माध्यम से भगिनी प्रसूति सहायता योजनांतर्गत उक्त आर्थिक सहायता सीधे और सुगमता से उनके पास पहुंची। पुष्पलता ने इस पूरी राशि को व्यर्थ खर्च करने के बजाय अपने बच्चे के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के लिए संचित कर लिया है।
इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए सरकार व प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे बच्चे के जन्म के समय मिलने वाली यह सहायता माताओं और नवजातों के स्वास्थ्य व पोषण के लिए अत्यंत लाभकारी है। स्वयं लाभ प्राप्त करने के बाद अब वे अपने क्षेत्र की अन्य पात्र महिलाओं को भी इस योजना से जुड़ने और आंगनबाड़ी के माध्यम से ग्रीन कार्ड बनवाकर इसका लाभ उठाने के लिए निरंतर जागरूक कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे