सिर्री मल्टी विलेज स्कीम से बुझेगी कुरूद के 84 गांवों की प्यास
धमतरी, 08 जुलाई (हि.स.)।भारत सरकार के जल जीवन मिशन के अंतर्गत धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड में करीब 130.40 करोड़ रुपये की लागत से सिर्री मल्टी विलेज स्कीम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूर्ण होने के बाद कुरूद ब्लाक के 84 गांवों के 29,793 परिवारों तक घर-घर नल के माध्यम से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाएगी। यह योजना केवल जलापूर्ति परियोजना नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में सुधार, महिलाओं के श्रम में कमी, जलजनित बीमारियों की रोकथाम और भूजल संरक्षण की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है।
कुरूद क्षेत्र लंबे समय से गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से जूझता रहा है। भूजल स्तर लगातार नीचे जाने और कई हैंडपंपों के सूख जाने से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को दूर-दराज से पानी लाने के लिए प्रतिदिन कठिन परिश्रम करना पड़ता था। सिर्री मल्टी विलेज स्कीम इस समस्या का स्थायी समाधान प्रस्तुत करेगी और क्षेत्र के हजारों परिवारों को वर्षभर नियमित पेयजल उपलब्ध कराएगी।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया है कि कुरूद विकासखंड भूजल की दृष्टि से सेमी-क्रिटिकल जोन में शामिल है, जहां भूजल का अत्यधिक दोहन भविष्य के लिए चिंता का विषय बन चुका है। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए इस योजना में भूजल के स्थान पर नहर के सतही जल का उपयोग किया जा रहा है। इससे भूजल पर निर्भरता कम होगी, जल स्रोतों का संरक्षण होगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।योजना को सुचारू संचालन एवं समान जल वितरण के लिए चार जोन में विभाजित किया गया है। जिसमें डांडेसरा, भटगांव, कोड़ेगांव और सिर्री शामिल है। डांडेसरा जोन में 23 गांव, भटगांव जोन में 19 गांव, कोड़ेबोड़ में 15 गांव और सिर्री जोन में 27 गांवों को लाभ मिलेगा। इस प्रकार कुल 84 गांवों के 29,793 परिवार इस योजना से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
यह परियोजना केवल पेयजल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। सतही जल के उपयोग से भूजल दोहन में कमी आएगी, जिससे क्षेत्र का भूजल स्तर सुरक्षित रहेगा। भविष्य की जनसंख्या वृद्धि और जल मांग को ध्यान में रखकर योजना की क्षमता निर्धारित की गई है, ताकि आने वाले वर्षों में भी बिना अतिरिक्त निवेश के पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जा सके।
धमतरी जिला प्रशासन ने आज जानकारी दी है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत मगरलोड विकासखंड के लिए मेघा मल्टी विलेज स्कीम की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। इस परियोजना के माध्यम से 59 गांवों को जोड़ा जाएगा तथा पारसाबुड़ा में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं तीन मास्टर बैलेंसिंग रिजर्वायर स्थापित किए जाएंगे। प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इसका निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सिर्री एवं मेघा दोनों मल्टी विलेज स्कीम के पूर्ण होने पर कुरूद एवं मगरलोड विकासखंड के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में सतही जल आधारित, सुरक्षित, टिकाऊ एवं आधुनिक पेयजल व्यवस्था स्थापित होगी। यह न केवल जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को साकार करेगी, बल्कि धमतरी जिले को ग्रामीण पेयजल प्रबंधन के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट माडल के रूप में भी स्थापित करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा