सिन्हा समाज मेहनतकश और संस्कारी समाज है : टंकराम वर्मा

 






धमतरी, 7 दिसंबर (हि.स.)। कलार समाज मंडल धमतरी के तत्वाधान में सात दिसंबर को सिन्हा समाज का भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिले सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित हुए। विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय देकर समाज के सामने अपनी योग्यताओं का परिचय कराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि सिन्हा समाज मेहनतकश और संस्कारी समाज है। आज हम बच्चों को उच्च शिक्षा दिला रहे हैं, लेकिन परिवार में संस्कार देना उससे भी अधिक आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जैसे व्यापार से पहले व्यवहार जरूरी है, वैसे ही शिक्षा से पहले अच्छे संस्कार आवश्यक हैं। विशिष्ट अतिथि रूपनारायण सिन्हा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ योग आयोग (केबिनेट मंत्री दर्जा) ने कहा कि सिन्हा समाज के बच्चे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। डॉक्टर, इंजीनियर, आईपीएस सहित कई प्रतिष्ठित सेवाओं में समाज के युवा अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। समाज की युवतियाँ भी प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रही हैं।

कार्यक्रम में शामिल प्रमुख पदाधिकारियों में संतोष कुमार सिन्हा मंडलेश्वर, यशवंत सिन्हा सचिव, हेमशंकर सिन्हा कोषाध्यक्ष, श्रीराम सिन्हा संरक्षक, रामसेवक सिन्हा प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य, टेंकेद्र गजेंद्र कार्यकारिणी सदस्य, दयाराम सिन्हा पूर्व महामंत्री, सोहन सिन्हा जिला पदाधिकारी, शशिकांत सिन्हा प्रांतीय कोष निरीक्षक, कालिदास सिन्हा संरक्षक, चंद्रहास सिन्हा अध्यक्ष जिला कलार समाज सहित महिला एवं युवा मंच के विभिन्न पदाधिकारी शामिल थे।

अर्जुनी चौक का नामकरण भगवान सहस्त्रबाहु के नाम पर किया जाएगा

महापौर रामू रोहरा ने घोषणा की कि अर्जुनी चौक का नामकरण भगवान सहस्त्रबाहु के नाम पर किया जाएगा। वहीं मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. लखन लाल धीवर ने कहा कि सिन्हा समाज सदैव अन्य समाजों के लिए सहयोग और सद्भाव का वातावरण बनाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा ने की। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, धीवर समाज के प्रतिनिधि तथा धमतरी मंडल एवं प्रांत के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा