बस्तर के छह केंद्रों में हुई एसआई भर्ती परीक्षा, 1,856 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 248 अनुपस्थित रहे
जगदलपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की तरफ से आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक कैडर और प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा आज रविवार को बस्तर जिले में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से हुई। जिले के 6 परीक्षा केंद्रों में कुल 2,104 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,856 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 248 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले में कुल उपस्थिति 88.21 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित समय पर आयोजित की गई। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए थे। सभी केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। जिले में परीक्षा के लिए 6 केंद्र बनाए गए थे। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धरमपुरा में 450 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 395 ने परीक्षा दी, जबकि 55 अनुपस्थित रहे। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय धरमपुरा में 304 में से 267 अभ्यर्थी शामिल हुए और 37 अनुपस्थित रहे। शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय शांतिनगर में 300 में से 261 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 39 अनुपस्थित रहे। महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोलबाजार में 350 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 314 उपस्थित रहे और 36 अनुपस्थित पाए गए।
पुराना गीदम नाका स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में 400 अभ्यर्थियों में से 355 ने परीक्षा दी, जबकि 45 अनुपस्थित रहे। वहीं रेलवे कॉलोनी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 300 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 264 उपस्थित रहे और 36 अभ्यर्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए। परीक्षा से पहले जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की थी। इसका असर यह रहा कि अधिकांश परीक्षार्थी निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंच गए। प्रशासन और केंद्र प्रभारियों के समन्वय से पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे