शिवसेना ने मजदूर की हुई मौत पर मुआवजा देने की मांग उठाई
कांकेर, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले के दुर्गकाेंदल ब्लॉक के ग्राम हिंगनझर में पाइपलाइन बिछाने के दौरान जेसीबी चालक द्वारा गढ्ढे में मजदूर को दबा दिया, जिससे मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर आज शुक्रवार काे शिवसेना का प्रतिनिधिमंडल हिंगनझर पहुंचकर परिजनों से मिलकर सांत्वना दी।
शिवसेना नेताओं ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृतक मजदूर अत्यंत गरीब परिवार से था, जो मजदूरी कर अपने छोटे-छोटे बच्चों और परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार के सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है। शिवसेना ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए। इसके साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और संबंधित एजेंसी की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे