महाराणा प्रताप जयंती पर बीटीआई चौक में शरबत वितरण

 


जांजगीर, 17 जून (हि. स.)। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आज बुधवार काे जांजगीर के बीटीआई चौक में स्वर्गीय नरेश सिंह की स्मृति में शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामाजिक सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में राहगीरों, आम नागरिकों और स्थानीय लोगों को ठंडा शरबत वितरित किया गया।

यह आयोजन स्वर्गीय नरेश सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह द्वारा प्रतिवर्ष कराया जाता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाने और सेवा भाव का संदेश देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बीटीआई चौक से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को शरबत पिलाया गया। आयोजन में शामिल लोगों ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।

अभिषेक सिंह ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय नरेश सिंह समाजसेवा के कार्यों में सदैव सक्रिय रहते थे। उनकी स्मृति को जीवित रखने और समाज के प्रति सेवा भाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में इष्ट मित्र उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन में सहयोग करते हुए राहगीरों को शरबत वितरित किया और सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच इस तरह के सेवा कार्य न केवल लोगों को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता का संदेश भी देते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT