शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से, 19 को महाअष्टमी और महानवमी, 20 को दशहरा

 


धमतरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व की तिथियों को लेकर विप्र विद्वत परिषद धमतरी ने स्थिति स्पष्ट की है। परिषद की 9 अक्टूबर को भवन में आयोजित बैठक में हिंदू पंचांग एवं देव पंचांग के अनुसार पर्व की तिथियों पर विचार-विमर्श किया गया।

परिषद के अनुसार शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ 11 अक्टूबर, रविवार से होगा। इस वर्ष 15 अक्टूबर को पंचमी तिथि रहेगी, जबकि 19 अक्टूबर, सोमवार को महाअष्टमी एवं महानवमी का पर्व मनाया जाएगा। 20 अक्टूबर, मंगलवार को विजयादशमी यानी दशहरा मनाया जाएगा। परिषद ने अष्टमी और नवमी की तिथियों को लेकर श्रद्धालुओं के बीच बनी असमंजस की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर, रविवार को सुबह 8 बजकर 28 मिनट से प्रारंभ होकर 19 अक्टूबर, सोमवार को सुबह 10 बजकर 50 मिनट तक रहेगी। इसके बाद नवमी तिथि प्रारंभ होगी। परिषद के निर्णय के अनुसार 19 अक्टूबर को महाअष्टमी एवं महानवमी का पर्व मनाया जाएगा। नवरात्रि शक्ति की उपासना का प्रमुख पर्व है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु मां भगवती की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। परिषद ने श्रद्धालुओं से पंचांग के अनुसार पर्व मनाने की अपील की है।

बैठक में परिषद अध्यक्ष पंडित बालेन्द पाण्डेय सहित पंडित महेश शास्त्री, पंडित अशोक शास्त्री, पंडित महेंद्र तिवारी, पंडित खेमराज तिवारी, पंडित अयोध्या पाण्डेय, पंडित राजकुमार तिवारी, पंडित भूषण तिवारी, पंडित रुपेश उपाध्याय, पंडित आलोक त्रिपाठी, पंडित पंकज द्विवेदी, पंडित भूषण मिश्रा, पंडित वैभवधर दीवान, पंडित शैलेंद्र पाण्डेय, पंडित निलेश द्विवेदी, पंडित दीनानाथ पाण्डेय, पंडित नरेश पाण्डेय, पंडित विनोद शर्मा और पंडित धर्मेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा