लगातार बारिश से कई रास्ते बंद, घरों में घुसा पानी

 


रायपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही लगातार बारिश के कारण रायपुर से लगे कई गांवों में जलभराव से लाेगाें का जीवन अस्त व्यस्त हाे गया है। करीब 48 घंटे से जारी बारिश के कारण अकोला और बाना गांव पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। कई घरों में पानी घुस गया है, जिसके चलते ग्रामीणों को सुरक्षित रहने के लिए घरों की छतों पर रुकना पड़ रहा है।

बारिश और जलभराव के कारण गांवों के अंदर जाने वाले कई रास्ते बंद हो गए हैं। अकोला गांव का संपर्क मार्ग भी पानी में डूबने से आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं रायपुर से दुर्ग जाने वाले मार्ग पर स्थित अकोला पुल भी पानी से लबालब हो गया है। रायपुर से अमलेश्वर मार्ग बंद हो गया है, जिससे लोगों की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण गांवों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

वहीं रायपुर में लगातार बारिश के बाद खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महादेव घाट का पुल पानी में डूब गया, जिसके चलते रायपुर-पाटन मार्ग पर आवागमन बंद करना पड़ा है। प्रशासन ने मौके पर टीम तैनात है और पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्ग को प्रतिबंधित कर दिया है।

राजधानी में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। रायपुर शहर स्टेशन पर सुबह 8.30 बजे तक 77.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद शाम 5.30 बजे तक 40.1 मिमी और बारिश हुई। इस तरह करीब नौ घंटे में कुल 117.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के वर्गीकरण के अनुसार 115.6 से 204.4 मिमी बारिश को बहुत भारी बारिश की श्रेणी में रखा जाता है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण राजधानी के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा।

महादेव घाट पुल डूबा, रायपुर-पाटन मार्ग बंद

भारी बारिश के बाद खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से महादेव घाट पुल पर पानी आ गया। पुल के डूबने के कारण रायपुर और पाटन को जोड़ने वाला मार्ग बंद कर दिया गया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रास्ते पर बैरिकेड्स लगाए हैं। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और नदी के जलस्तर तथा आसपास की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से जलभराव वाले और नदी किनारे के क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल