सूरजपुर : राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय शिविर सम्पन्न, ग्रामीण जागरूकता व श्रमदान कार्यों की सराहना

 


सूरजपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। शासकीय नवीन महाविद्यालय ओडगी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम पंचायत बैजनाथपुर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, शिक्षकगण एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अशोक शर्मा रहे, जो भूतपूर्व प्राचार्य पंडित रविशंकर त्रिपाठी शासकीय महाविद्यालय एवं दुर्गा सेवाश्रम जमड़ी के संस्थापक हैं। कार्यक्रम में बीडीसी प्रतिनिधि नेहा सिंह, ग्राम सरपंच दुलार सिंह आगरे, परसिया सरपंच प्रतिनिधि शिव आगरे तथा कन्या महाविद्यालय सूरजपुर के प्राचार्य बृजलाल साहू सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय प्राचार्य एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार सातपुते तथा सहायक प्राध्यापकों द्वारा किया गया। स्वयंसेवकों ने स्वागत गीत व राज्य गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की तथा भारतीय और छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा पर आधारित नृत्य, गीत, नाटक एवं नुक्कड़ नाटिका की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं।

मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना को जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बताते हुए स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना की। शिविर के दौरान चबूतरा निर्माण, मंदिर लिपाई, नारा लेखन, स्वच्छता अभियान एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की गईं। उन्होंने कहा कि युवाओं के जोश, अनुशासन और समर्पण से ही राष्ट्र निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होता है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने शिविर को समाजोपयोगी पहल बताते हुए स्वयंसेवकों के प्रयासों की प्रशंसा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय