सेवा सेतु से दूसरे दिन मिला आय-निवास प्रमाण पत्र

 


भनौरा की सुषमा मिंज ने जताया संतोष, घर के नजदीक मिली शासकीय सेवा

बलरामपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय सेवाओं को आमजन तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने की पहल जारी है। बलरामपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत भनौरा निवासी सुषमा मिंज को सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन करने के अगले ही दिन आय एवं निवास प्रमाण पत्र मिल गया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें शासकीय सेवा का लाभ लेने में सहूलियत हुई।

सुषमा मिंज ने बताया कि उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से दोनों प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन किया था। आवेदन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए अगले ही दिन प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए गए। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। अब घर के नजदीक ही आवेदन करने और प्रमाण पत्र मिलने से प्रक्रिया आसान हो गई है।

उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से मिली सुविधा पर संतोष जताते हुए कहा कि इस पहल से ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत हो रही है। सुषमा मिंज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवा सेतु के माध्यम से समय पर प्रमाण पत्र मिलने का यह अनुभव ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय सेवाओं की पहुंच और नागरिकों की सुविधा को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय