सेवा सेतु केंद्र बने आमजन और शासन के बीच भरोसे का मजबूत सेतु, धुनेश्वर कंवर को समय पर मिले प्रमाण पत्र
कोरबा, 03 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित सेवा सेतु योजना ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए शासकीय सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बना रही है। इस योजना के तहत संचालित सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों और शासन के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बनकर उभरे हैं। अब लोगों को आवश्यक प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
सेवा सेतु योजना का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके निवास क्षेत्र के निकट ही शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि समय, धन और श्रम की बचत हो सके। योजना के तहत सेवा सेतु केंद्रों में जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक हितैषी प्रशासन का अनुभव मिल रहा है।
कोरबा जिले के भैंसमा अंतर्गत ग्राम धौराभाठा निवासी धुनेश्वर कंवर, पिता लल्ला राम ने सेवा सेतु केंद्र भैंसमा में जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद केंद्र के कर्मचारियों ने प्राथमिकता के आधार पर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर तीनों प्रमाण पत्र जारी कर दिए।
धुनेश्वर कंवर ने बताया कि पहले शासकीय दस्तावेज बनवाने के लिए कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की काफी हानि होती थी। लेकिन सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से एक ही स्थान पर सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं और उन्हें बिना किसी परेशानी के समय पर आवश्यक दस्तावेज मिल गए।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु योजना केवल एक सरकारी सेवा नहीं, बल्कि आम नागरिकों के प्रति सरकार की संवेदनशील और जनहितैषी सोच का उदाहरण है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं और शासन के प्रति उनका विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
धुनेश्वर कंवर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु योजना ने सरकारी सेवाओं को वास्तव में आम लोगों के द्वार तक पहुंचाने का काम किया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिली है और सुशासन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी