सेवा सेतु से मिली समय पर सेवा, तीन दिन में जारी हुआ आय प्रमाण पत्र
सूरजपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।सूरजपुर जिले में डिजिटल माध्यम से शासकीय सेवाओं को सरल और समयबद्ध बनाने का लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ग्राम महगवां निवासी सुरेश चन्द कुर्रे ने अपनी पुत्री परिधि कुर्रे का आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महज तीन दिनों में आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
ग्राम महगवां, तहसील सूरजपुर निवासी सुरेश चन्द कुर्रे ने अपनी पुत्री परिधि कुर्रे के आय प्रमाण पत्र के लिए छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया था। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और निर्धारित समय से पहले ही तीन दिनों में प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इससे उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी।
सुरेश चन्द कुर्रे ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया उनके लिए सरल और सुविधाजनक रही। निर्धारित समय में आय प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन सेवा के कारण समय की बचत हुई और प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया भी आसान रही।
सेवा सेतु पोर्टल और आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दस्तावेजों में सुधार सहित जरूरी सेवाओं के लिए ऑनलाइन सुविधा मिलने से लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
डिजिटल माध्यम से सेवाओं की उपलब्धता से नागरिकों को समय पर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा हो रही है। ऐसी ऑनलाइन सेवाएं नागरिकों को सशक्त बनाने के साथ शासकीय प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक बनाने में मददगार साबित हो रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय