सूरजपुर : सेवा सेतु केंद्र बना संध्या के लिए सहारा, वर्षों पुरानी आधार संबंधी समस्या का हुआ समाधान

 


एक ही स्थान पर 441 से अधिक शासकीय सेवाओं से नागरिकों को मिल रही सुविधा

बलरामपुर, 26 जून (हि.स.)। डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा शुरू किए गए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला मुख्यालय सूरजपुर स्थित तहसील कार्यालय परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से छात्रा संध्या देवांगन को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिली है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 में संध्या का आधार कार्ड गुम हो गया था, साथ ही आधार में मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण नया आधार प्राप्त करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।

सेवा सेतु केंद्र पहुंचने पर संध्या ने अपनी समस्या बताई, जिस पर केंद्र के कर्मचारियों ने आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता प्रदान की। समुचित प्रक्रिया के बाद आधार संबंधी समस्या का समाधान करते हुए नया आधार कार्ड उपलब्ध कराया गया।

इस सुविधा से लाभान्वित होकर संध्या ने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

441 से अधिक सेवाएं एक ही केंद्र पर उपलब्ध

उल्लेखनीय है कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर 441 से अधिक शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

इन सेवाओं में जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, राजस्व प्रकरणों से संबंधित सेवाएं तथा नाम परिवर्तन से जुड़े कार्य शामिल हैं।

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासन की सेवाएं अब अधिक सरल, पारदर्शी और सुलभ हो गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय