भेलवाडीह में मेगा स्वास्थ्य शिविर, सेमली में जनसमस्या समाधान शिविर, 225 मरीजों की ओपीडी
बलरामपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत रविवार को ग्राम भेलवाडीह के ग्राम पंचायत भवन परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर और क्लस्टर ग्राम सेमली (ओबरी) में जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित दोनों शिविरों में स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी दी गई।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज कुमार टोप्पो और बीईटीओ अजीत गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित शिविरों में बाल एवं वृद्धजन देखभाल, वय वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड पंजीयन, जन औषधि केंद्र से दवा वितरण और टीबी मुक्त भारत अभियान से संबंधित स्टॉल लगाए गए। जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने शिविर के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण और सेवाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जन-मन मोबाइल मेडिकल यूनिट का भी निरीक्षण कर लैब जांच और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। शिविर में आयुष मिशन के तहत डॉ. हसन और उनकी टीम के साथ सीएचओ, आरएचओ, एमटी और मितानिनें मौजूद रहीं।
भेलवाडीह शिविर में 98 मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें 45 मरीजों की रैंडम ब्लड शुगर, 11 की हीमोग्लोबिन और 3 की मलेरिया जांच की गई। दो मरीजों की सीबीसी, एक-एक की आरएफटी और एलएफटी जांच हुई, जबकि टीबी जांच के लिए पांच खखार नमूने भी लिए गए।
सेमली शिविर में 127 मरीजों की ओपीडी हुई। यहां 35 मरीजों की मधुमेह, 40 की रक्तचाप और 4 मरीजों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। दोनों शिविरों में कुल 225 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय