सेवा संकल्प यात्रा पहुंची जांजगीर, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बाइक रैली में लिया हिस्सा

 


जांजगीर-चांपा, 1 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक निकली सेवा संकल्प यात्रा गुरुवार को जांजगीर पहुंची। यात्रा का उद्देश्य सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। जांजगीर पहुंचने पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बाइक यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया।

प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बाइक रैली में शामिल होकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं से संवाद किया और उन्हें सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सेवा यात्रा कर रहे युवाओं को शाल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।

युवा संवाद कार्यक्रम में ओपी चौधरी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल वर्षों का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनसेवा, राष्ट्रसेवा और भारत के विकास के संकल्प की यात्रा है। उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा कर रहे युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार देश की विकास यात्रा को नई गति दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि, भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। छत्तीसगढ़ को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। विकास के साथ संस्कृति और विरासत को आगे बढ़ाना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक यात्रा कर रहे युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचता है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी सेवा संकल्प यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा की भावना को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यात्रा से जुड़े युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा और नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT