सेवा संकल्प अभियान का आगाज, जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर

 


एक माह तक जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े होंगे विभिन्न आयोजन, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह

सूरजपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई है। अभियान के तहत एक माह तक जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में आज गुरुवार को जिला चिकित्सालय सूरजपुर में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में मददगार हो सकता है। आपातकालीन परिस्थितियों में कई बार समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता और जनभागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। छुआछूत और भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों को दूर कर आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने के साथ ही ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम अपने घरों में दीप जलाने का आह्वान किया।

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान टीकाकरण सहित संक्रमण से बचाव के लिए किए गए विभिन्न प्रयासों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से सेवा भाव के साथ समाज और जरूरतमंद लोगों के लिए योगदान देने की अपील की।

जनपद पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष स्वाती सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त समूह की जांच सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। युवाओं समेत विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साह के साथ रक्तदान में भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, महाविद्यालयीन विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय