17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, एक माह में होंगी 12 पहलें
जिले के अंतिम छोर तक पहुंचेगा अभियान, स्वच्छता से लेकर जनसेवक महाकुंभ तक होंगे आयोजन
बलरामपुर, 10 सितंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आज गुरुवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम और जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर सभी तैयारियां तय समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अभियान के लिए नियुक्त नोडल और सब-नोडल अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर देते हुए कहा कि इसकी जानकारी जिले के अंतिम छोर तक पहुंचनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रमों में भाग ले सकें। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए 13 से 15 सितंबर के बीच दीयों का वितरण पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान एक महीने में 12 प्रमुख पहलें आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए जनसेवा, स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधरोपण, रक्तदान, शिक्षा, नवाचार और शासन की योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से अभियान की शुरुआत होगी। इसमें परिवारों, स्व-सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा। दीयों का वितरण राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों और गैस वितरण केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा।
‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के तहत 18 सितंबर को स्कूलों में चित्रकला और 19 सितंबर को चित्र प्रदर्शनी व भाषण प्रतियोगिता होगी। इसके बाद विकासखंड और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और नृत्य नाटक के माध्यम से जनजागरूकता गतिविधियां होंगी।
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिक स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधरोपण, रक्तदान और नदी-घाट की सफाई जैसे कार्यों में भाग लेंगे। 29 सितंबर को महाविद्यालयों में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोली प्रतियोगिता होगी और जिला मुख्यालय में मानव रंगोली बनाई जाएगी।
‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत 10 से 15 गांवों के क्लस्टर बनाकर प्रत्येक विकासखंड में कम से कम चार शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र देने के साथ राजस्व प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत अलग-अलग दिशाओं से पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां जिला मुख्यालय पहुंचेंगी। 9 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए जिले के युवा नवाचारियों को भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। 12 अक्टूबर से आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत मातृ संवाद और सम्मान कार्यक्रम होंगे।
पूरे अभियान के दौरान ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। ‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी लगातार चलेंगी। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद-जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अभियान से जुड़ने और विभिन्न आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय