कोरबा में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का शुभारंभ, सात अक्टूबर तक भेज सकेंगे विचार
कोरबा, 26 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, आईटीआई रामपुर में आज सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जिलास्तरीय शुभारंभ किया गया। उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने विद्यार्थियों और युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने का आह्वान किया। जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागी सात अक्टूबर तक अपने विचार भेज सकेंगे, जबकि 9 अक्टूबर को विचारों का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि यह चैलेंज युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नए विचार सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर दे रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास की समस्याओं को पहचानने और उनके सरल व उपयोगी समाधान खोजने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित किसी भी क्षेत्र से जुड़े ऐसे विचार प्रस्तुत किए जा सकते हैं, जिनसे लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके। उपयोगी नवाचारों को आगे प्रोत्साहित करने और व्यापक स्तर पर अपनाने की संभावनाएं भी रहेंगी।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। अभियान के दौरान स्वच्छता, रक्तदान, आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी गतिविधियों सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु की कामना के लिए आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में कोरबा के नागरिकों ने बड़ी भागीदारी की और जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीप जलाए गए।
मंत्री ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये रखा गया है। चौथे से दसवें स्थान तक चयनित प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सोच और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने कोरबा में कंटेंट क्रिएटर्स हब स्थापित करने की घोषणा भी की। इसके लिए दो करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी दी गई। कंटेंट क्रिएटर्स हब बनने से जिले के यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के रूप में काम करने वाले युवाओं को सुविधाएं और अवसर मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि नवाचार के लिए तैयार मॉडल बनाना जरूरी नहीं है। किसी समस्या की पहचान कर उसके बेहतर समाधान का विचार प्रस्तुत करना भी नवाचार है। प्रतिभागी सेवा वितरण में सुधार, किसी स्थानीय समस्या के समाधान या अपने विचार की रूपरेखा प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कृषि एवं भूजल संरक्षण, कानून व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, नगरीय विकास, स्वास्थ्य, रक्षा, ऊर्जा, अधोसंरचना, उभरती तकनीक, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में विचार आमंत्रित किए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों की सहायता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, अपशिष्ट प्रबंधन, नागरिक सेवाओं को सरल बनाने और कॉलेजों तथा उद्योगों के बीच बेहतर जुड़ाव जैसे विषयों पर भी नवाचार प्रस्तुत किए जा सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से कोरबा की स्थानीय समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
प्रतियोगिता में विद्यार्थी, प्राध्यापक, शिक्षक, शोधकर्ता, स्टार्टअप, स्व-सहायता समूह, एमएसएमई और अन्य उद्यमी भी भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी अपने विचार तैयार करने के लिए अध्ययन, शोध और एआई जैसे उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर सकते हैं। कलेक्टर ने युवाओं से कहा कि पहला प्रयास सफल होगा या नहीं, इसकी चिंता किए बिना अपने विचार सामने लाएं, क्योंकि विचारों को प्रस्तुत करने से ही उनमें सुधार और नए समाधान की संभावना बनती है।
जिलास्तरीय प्रतियोगिता के बाद जोनल स्तर पर भी प्रतियोगिता आयोजित होगी। जोनल प्रतियोगिता के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है। जोनल स्तर पर 10 क्षेत्रों में कुल 50 विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र में तीन सामान्य श्रेणी, एक महिला श्रेणी और एक 21 वर्ष से कम आयु वर्ग का विजेता चुना जाएगा। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस तरह जोनल स्तर पर कुल पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। गोपाल मोदी ने कहा कि नवाचार का मतलब केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं है। घर, मोहल्ले, शहर या जिले की किसी समस्या को कम समय और कम संसाधनों में बेहतर तरीके से हल करने का विचार भी नवाचार हो सकता है। उन्होंने युवाओं से लोगों को वास्तविक लाभ पहुंचाने वाले समाधान प्रस्तुत करने की अपील की।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने भी विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेश लांबा, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, रोजगार अधिकारी दीपेश भारती, सतीश प्रकाश सिंह, प्राचार्य लाइवलीहुड अरुणेंद्र मिश्रा सहित आईटीआई, लाइवलीहुड, महाविद्यालयों के विद्यार्थी और माय भारत युवा के वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।
ऐसे करें आवेदन: जोनल प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी sevainnovationchallenge.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित सहायता के लिए जिला नोडल अधिकारी विजय कारे, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोरबा से 8109363862 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी