सर्वर मेंटेनेंस से थमा राशन वितरण, चार दिनों से कार्डधारी परेशान
धमतरी, 25 मार्च (हि.स.)। धमतरी जिले में इन दिनों राशन वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग के नेटवर्किंग सिस्टम में मेंटेनेंस कार्य के चलते शासकीय उचित मूल्य की सभी दुकानों में पिछले चार दिनों से खाद्यान्न का आबंटन बंद है, जिससे हजारों कार्डधारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पूरे प्रदेश में 21 मार्च से आज 25 मार्च तक सर्वर में तकनीकी सुधार का कार्य चल रहा है। इस दौरान सिस्टम पूरी तरह बंद होने से राशन वितरण नहीं हो पा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 25 मार्च के बाद स्थिति सामान्य होते ही वितरण कार्य पुनः शुरू कर दिया जाएगा।
जिले में कुल 6 लाख 29 हजार 782 राशनकार्डधारी हैं। इनमें अंत्योदय, निराश्रित, प्राथमिकता, निःशक्तजन और एपीएल श्रेणी के शहरी व ग्रामीण उपभोक्ता शामिल हैं। हर माह की तरह अधिकांश हितग्राही 20 मार्च तक राशन ले चुके हैं, लेकिन जो लोग अब तक राशन नहीं ले पाए थे, वे इस तकनीकी बाधा से प्रभावित हो रहे हैं।
खाद्य विभाग के अनुसार, हर साल मार्च के अंत में नेटवर्क सिस्टम का मेंटेनेंस किया जाता है। सर्वर हैदराबाद से संचालित होता है, जहां से पूरे प्रदेश की व्यवस्था नियंत्रित होती है। तकनीकी कारणों से इस अवधि में सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखी जाती हैं।फिलहाल सर्वर डाउन होने से जरूरतमंदों को इंतजार करना पड़ रहा है। इस संबंध में खाद्य अधिकारी निलेश चंद्राकर ने बताया कि मेंटेनेंस कार्य पूरा होते ही वितरण पूर्ववत शुरू होगा। साथ ही अप्रैल माह में तीन माह का एकमुश्त राशन देने की तैयारी भी की जा रही है, जिसके लिए भंडारण संबंधी निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा