सर्वर ठप होने से चना खरीद प्रभावित, किसानों को झेलनी पड़ी परेशानी
धमतरी, 11 अप्रैल (हि.स.)। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित लोहरसी में समर्थन मूल्य पर चल रही चना खरीद शुक्रवार को सर्वर डाउन होने के कारण बुरी तरह प्रभावित रही। तकनीकी खराबी के चलते बड़ी संख्या में किसानों का चना समय पर नहीं खरीदा जा सका, जिससे उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा और काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोहरसी, परसतराई, खरतुली सहित आसपास के कई गांवों से किसान अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे थे। सुबह से ही किसान लाइन में लगे रहे, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण खरीदी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। कई किसानों को पूरे दिन इंतजार के बाद बिना चना बेचे ही वापस लौटना पड़ा। इससे किसानों में नाराजगी भी देखने को मिली।
किसान खूबलाल साहू, गिरधर साहू, बंसी देवांगन सहित अन्य किसानों का कहना है कि इस तरह की तकनीकी समस्याओं से उनकी मेहनत और समय दोनों बर्बाद होते हैं। हालांकि शनिवार को सर्वर ठीक होने के बाद खरीद कार्य फिर से शुरू किया गया, जिससे किसानों को राहत मिली। दूसरे दिन बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर अपना चना समर्थन मूल्य पर बेचा।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खरीद केंद्रों में तकनीकी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में सर्वर डाउन जैसी समस्याओं से बचा जा सके और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। गौरतलब है कि वर्ष 2026 में रबी फसलों के अंतर्गत चने की सरकारी खरीद एक अप्रैल से शुरू हो चुकी है, जिसके लिए पंजीयन प्रक्रिया 20 मार्च से प्रारंभ की गई थी। शासन द्वारा चने का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों को एक एकड़ में अधिकतम पांच क्विंटल तक चना बेचने की अनुमति दी गई है। खरीदी केंद्रों में चना बेचने के लिए किसानों को जनाधार कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, गिरदावरी और मोबाइल नंबर जैसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा