कोरबा में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ वंदन सम्मान समारोह, शॉल-श्रीफल से हुआ बुजुर्गों का सम्मान
कोरबा, 1 अक्टूबर (हि. स.)। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कोरबा के राजीव गांधी इंडोर ऑडिटोरियम में वरिष्ठ वंदन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और वृद्धजनों का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान उनकी आवश्यकतानुसार श्रवण यंत्र और वॉकिंग स्टिक सहित सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि वृद्धजन हमारे मार्गदर्शक और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। उनका अनुभव और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन का आधार है। वृद्धजनों का सम्मान और उनकी देखभाल परिवार के साथ समाज और सरकार की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा और वयोवंदन कार्ड के जरिए निःशुल्क स्वास्थ्य उपचार का लाभ दिया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि कोरबा में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। सियान सदन में भी वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए वातानुकूलित व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले में डीएमएफ से आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल भवन, स्वास्थ्य सुविधाएं, आश्रम-छात्रावास और पुल-पुलिया सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी स्वीकृति दी गई है और 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत, डामरीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी आने की बात कही।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि वृद्धजन समाज के अनुभव, ज्ञान और संस्कारों की समृद्ध पूंजी हैं। उन्होंने नई पीढ़ी से वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से सीख लेने तथा उनके स्वास्थ्य, सम्मान और देखभाल का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज के लिए अनुभव, ज्ञान और संस्कारों का महत्वपूर्ण आधार हैं। उनका सम्मान, सेवा और गरिमा की रक्षा करना परिवार के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि वृद्धजनों का जीवन अनुभव समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी