उत्साह से मनाई गई सेन जी महाराज की जयंती, समाज को दिए संदेशों को किया याद
धमतरी, 14 अप्रैल (हि.स.)। सैलून एसोसिएशन धमतरी द्वारा आज मंगलवार को संत शिरोमणि संत सेन जी महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के प्रमुखों और सदस्यों ने उनके जीवन और समाज के प्रति दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन आमा तालाब मोड़ के पास किया गया, जहां समाज के लोगों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने सेन जी महाराज के विचारों और उनके द्वारा दिए गए संदेशों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सेन जी महाराज केवल एक संत ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक और प्रेरणास्रोत थे, जिन्होंने अपने जीवन से सादगी, सेवा और भक्ति का मार्ग दिखाया। वक्ताओं ने बताया कि सेन महाराज 13वीं-14वीं शताब्दी के महान संत, कवि और भक्त थे, जिन्हें सेन समाज के आराध्य देव के रूप में पूजा जाता है। वे स्वामी रामानंद के शिष्य थे और बांधवगढ़ क्षेत्र में राजा के राज वैद्य तथा नाई के रूप में कार्यरत रहते हुए भी अपनी भक्ति, सत्य और अहिंसा के लिए प्रसिद्ध हुए। उन्होंने समाज में व्याप्त अंधविश्वासों और कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और प्रेम, समानता व भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि वर्तमान समय में सेन जी महाराज के विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद शांडिल्य, उपाध्यक्ष दीपक सेन, सचिव टिकेंद्र सेन, कोषाध्यक्ष यशवंत शांडिल्य सहित सोनू श्रीवास, देबू राम शांडिल्य, कमलेश सेन, छबि सेन, ललित कौशिक, यज्ञेश सेन, कमलनारायण शांडिल्य, रवि सेन, कृष्णा सेन और अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने संत सेन जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा