छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का चयन ट्रायल 28-29 सितंबर को, छह टीमों के लिए चुने जाएंगे खिलाड़ी
रायपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 28 और 29 सितंबर को रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में दो दिवसीय चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को परिपत्र जारी कर चयन ट्रायल के आयोजन की आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने ट्रायल शुरू होने से पहले चयन के मानदंड और पूरी चयन प्रक्रिया का लिखित विवरण उपलब्ध कराने को भी कहा है।
विभाग के अनुसार चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी। चयन के बाद छह टीमों की सूची तथा पूरी चयन प्रक्रिया का प्रतिवेदन खेल संचालनालय को उपलब्ध कराया जाएगा।
चयन ट्रायल के सुचारू संचालन, समन्वय और तकनीकी सहायता के लिए खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का तथा वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सत्र 21 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होगा। इसमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स सहित छह टीमें भाग लेंगी। इन टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन 28 और 29 सितंबर को आयोजित ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल