नकली नोटों की आशंका में जब्त किये गए सौ -सौ के नोट जांच में निकले असली

 


कांकेर, 14 अगस्त (हि.स.)।कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा इलाके में इसी सप्ताह मिले सौ-सौ के नोटों को नकली बताकर इसकी शिकायत पुलिस में की गई थी। पुलिस ने नोटों की जांच एक्सपर्ट से कराई, वहां ये नोट असली पाए गए। नोट पुराने होने के कारण उनका रंग फीका हो गया था। इसी कारण वे नकली जैसे लग रहे थे।

कोयलीबेड़ा स्थित उसेंडी पेट्रोल पंप में अज्ञात वाहन चालक पेट्रोल भरवाने के बाद रुपये देकर चला गया। बाद में गिनती के दौरान आए नोटों की जांच में सौ-सौ रुपये के तीन नोटों के नकली होने की शंका हुई। पंप संचालक ने इसकी जानकारी पुलिस को देकर नोट भी सौंपे। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सबसे पहले नोटों की जांच बैंक एक्सपर्ट से कराई। जांच में नोट असली पाए गए।

कोयलीबेड़ा थाना प्रभारी निर्मल जांगड़े ने आज शुक्रवार काे बताया कि संचालक से मिले नोटों को अंतागढ़ बैंक भेजा गया। वहां एक्सपर्ट से उनकी जांच कराई गई। एक्सपर्ट ने बताया, नोट कुछ साल पुराने हैं। उनका रंग समय के साथ प्रभावित हुआ है। इसलिए वे देखने में नकली जैसे लग रहे हैं। नोट पूरी तरह असली हैं। उक्त नोट संचालक को वापस कर दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे