बलरामपुर : सुरक्षा बढ़ाने प्रशासन की बैठक, शराब-हड़िया पर प्रतिबंध, पुलिस सहायता केंद्र बनेगा

 

बलरामपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। बछराजकुंवर धाम क्षेत्र में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना और डूबने की घटनाओं को देखते हुए आज शुक्रवार वाड्रफनगर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओपी वाड्रफनगर, चलगली थाना प्रभारी, बछराजकुंवर धाम के बैगा, जनप्रतिनिधि और स्थानीय दुकानदार शामिल हुए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धाम क्षेत्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि पूरे बछराजकुंवर धाम क्षेत्र को मदिरा मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। धाम क्षेत्र में शराब और हड़िया के सेवन तथा बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे और लोगों को जागरूक करने के लिए मुनादी भी कराई जाएगी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए डायल-112 की नियमित गश्त कराई जाएगी। अतिरिक्त होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे और पैदल गश्त भी बढ़ाई जाएगी। रविवार, बुधवार और शुक्रवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। आबकारी विभाग अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करेगा, जबकि पुलिस ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष वाहन जांच अभियान चलाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि धाम क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और बिजली व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा। आपातकालीन स्थिति के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी और प्रमुख स्थानों पर जरूरी संपर्क नंबरों वाले सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए धाम परिसर में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन शाम 5 बजे के बाद धाम क्षेत्र खाली कराया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

बैठक में मौजूद सभी लोगों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने कहा कि बछराजकुंवर धाम में सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम प्राथमिकता के साथ उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय