एक शिक्षक के भरोसे माध्यमिक स्कूल लिमतरा, ग्रामीण पहुंचे डीईओ कार्यालय
धमतरी, 14 जुलाई (हि.स.)। ग्राम पंचायत लिमतरा के सरपंच, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अभिभावक मंगलवार को शासकीय माध्यमिक शाला में शिक्षकों की कमी की शिकायत लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने डीईओ मधुलिका तिवारी से मुलाकात कर विद्यालय की बदहाल शिक्षण व्यवस्था से अवगत कराया और तत्काल कम से कम दो शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो विद्यालय में तालाबंदी किया जाएगा।
ग्राम पंचायत लिमतरा की सरपंच भुनेश्वरी साहू, वार्ड पंच खुशी साहू एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामलखन साहू ने बताया कि शासकीय माध्यमिक शाला लिमतरा में पहले तीन शिक्षक पदस्थ थे, लेकिन एक शिक्षक के बी एड प्रशिक्षण पर कार्यमुक्त होने और दूसरे शिक्षक के लंबे चिकित्सकीय अवकाश पर चले जाने के कारण वर्तमान में पूरे विद्यालय का संचालन केवल एक शिक्षक के भरोसे हो रहा है। विद्यालय में कक्षा छठवीं, सातवीं और आठवीं संचालित हैं। प्रतिदिन कुल 21 कालखंड लगने चाहिए, लेकिन एक शिक्षक द्वारा केवल सात कालखंडों में ही अध्यापन संभव हो पा रहा है। ऐसे में अधिकांश विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यदि एकमात्र शिक्षक किसी बैठक, प्रशिक्षण या अन्य शासकीय कार्य में चले जाते हैं तो तीनों कक्षाओं का शिक्षण कार्य पूरी तरह ठप हो जाता है। शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बावजूद माध्यमिक स्तर की किसी भी विषय की पाठ्यपुस्तकें अब तक स्कूल नहीं पहुंची हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और अधिक बाधित हो रही है। वर्तमान में बच्चे केवल मध्यान्ह भोजन कर घर लौट रहे हैं, क्योंकि नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है। जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो सभी ग्रामीण एकजुट होकर शासकीय माध्यमिक शाला में तालाबंदी करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी। इस दौरान रेखा बाई साहू, भूमिका साहू, खूब लाल साहू, तुलसी साहू, मधु साहू, गीता साहू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा