प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग 16 अगस्त से

 


जगदलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश की प्रक्रिया तेज हो गई है। आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब द्वितीय चरण की काउंसलिंग का आयोजन किया जा रहा है।

पात्र छात्र-छात्राओं की सूची विभागीय पोर्टल पर प्रदर्शित कर दी गई है। यह काउंसलिंग 16 अगस्त से 20 अगस्त तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे के बीच, मेरिट सूची में आवंटित संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालयों में आयोजित की जाएगी।

आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने दिशा-निर्देश जारी करते हुए बताया कि चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि व समय पर अनिवार्य मूल अभिलेखों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों के पास कक्षा 8वीं में न्यूनतम प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) उत्तीर्ण अंकसूची, प्रधानपाठक अथवा प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, तथा लागू होने पर विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, नक्सल पीड़ित परिवारों के बच्चों के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र तथा अल्पसंख्यक वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत सत्यापन शपथ पत्र आवश्यक किया गया है।

वहीं विशेष श्रेणी जैसे दिव्यांग, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता माता की संतान, अथवा देश सेवा व कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक व सशस्त्र बल के जवानों के बच्चों को संबंधित श्रेणी का वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने तथा विद्यालय में प्रवेश की अंतिम पात्रता मिलने के पश्चात छात्र-छात्राओं को दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। प्रवेश से जुड़ी विस्तृत सूची एवं अन्य जानकारियों के लिए अभ्यर्थी विभागीय आधिकारिक वेबसाइट (eklavya.cg.nic.in) का अवलोकन कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे