कोरबा में 24 घंटे में दूसरी हत्या, पसान के लोकहड़ा में युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या
कोरबा, 23 सितम्बर (हि. स.)। जिले के पसान थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हत्या की दूसरी वारदात सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्राम पंचायत लैगा के आश्रित ग्राम लोकहड़ा में आज बुधवार सुबह 25 वर्षीय युवती सुकमनिया एक्का की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। लगातार दो दिनों में हत्या की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सुकमनिया एक्का का शव उसके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर लहूलुहान हालत में मिला। आशंका है कि अज्ञात हमलावर ने युवती के सिर पर भारी पत्थर से वार कर उसकी हत्या की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। सुबह शव मिलने की जानकारी सामने आते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
उल्लेखनीय है कि पसान थाना क्षेत्र में एक दिन पहले भी हत्या की वारदात सामने आई थी। इसके ठीक अगले दिन युवती की हत्या से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब दोनों घटनाओं के संबंध में अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हत्या की वजह और वारदात में शामिल व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी