एसईसीएल दीपका क्षेत्र में एक दिन में 30 हजार पौधों का रोपण

 




-कोल इंडिया के गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड अभियान में निभाई अहम भूमिका

कोरबा, 23 जुलाई (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के संकल्प के साथ साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के दीपका क्षेत्र में आज गुरुवार को एक ही दिन में 30 हजार पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया गया। यह अभियान कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा देशभर में एक ही दिन में सर्वाधिक पौधारोपण कर गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से संचालित 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत आयोजित किया गया।

कोल इंडिया लिमिटेड को इस अभियान के तहत 14 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है, जिसमें एसईसीएल को तीन लाख पौधारोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में दीपका क्षेत्र को 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य मिला, जिसे 21 जुलाई 2026 को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इनमें दीपका ओपनकास्ट परियोजना के ओवरबर्डन (ओबी) डंप क्षेत्र में 10 हजार तथा कोरबा जिले के उरगा स्थित कटबिटला गांव में 20 हजार पौधों का रोपण किया गया।

वृहद वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय महाप्रबंधक अशोक कुमार ने विभागाध्यक्षों एवं परियोजना अधिकारियों के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक पौधा स्वच्छ पर्यावरण, बेहतर जलवायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन को भी उतना ही महत्वपूर्ण बताया।

अभियान में एसईसीएल के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा केसीसी के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थियों तथा आसपास के गांवों के 125 पुरुष और 118 महिला श्रमिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान की सफलता में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड (सीजीआरवीवीएन) का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिसने पौधों की उपलब्धता सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

इस दौरान क्षेत्र की जलवायु के अनुरूप पीपल, नीम, आम, जामुन, कटहल, अमरूद, गुलमोहर सहित विभिन्न स्थानीय, छायादार एवं बहुउपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। ये पौधे भविष्य में हरित आच्छादन बढ़ाने, जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कोल इंडिया लिमिटेड के इस अभियान के तहत एसईसीएल ने अपने सभी 13 परिचालन क्षेत्रों में एक ही दिन में 3.20 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया। इनमें दीपका क्षेत्र द्वारा लगाए गए 30 हजार पौधों का योगदान उल्लेखनीय रहा। यह पहल विश्व रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ खनन प्रभावित क्षेत्रों के हरित पुनर्वास, पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी