एसडीएम ने ली शांति समिति की बैठक, दुर्गा पंडालों में सीसीटीव्ही लगाने के निर्देश
काेंड़ागांव, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के केशकाल एसडीएम कार्यालय में आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज शुक्रवार काे शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
एसडीएम आकांक्षा नायक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में थाना प्रभारी विकास बघेल, जनपद पंचायत सीईओ अनुराग सिन्हा, नगर की विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सर्व हिंदू समाज एवं मुस्लिम समाज के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, धार्मिक आयोजनों और प्रतिमा विसर्जन को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में एसडीएम आकांक्षा नायक ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों को अपने-अपने पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की समझाइश दी। साथ ही नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक पंडालों के आसपास पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। आयोजन समितियों से भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की गई।
प्रतिमा विसर्जन के संबंध में समितियों को डीजे, शोभायात्रा की रूपरेखा और रूट चार्ट पहले से प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे विसर्जन के दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर तरीके से की जा सके। इसके अलावा बिना पूर्व अनुमति के किसी भी प्रकार के बड़े कार्यक्रम आयोजित नहीं करने की सलाह दी गई। धार्मिक आयोजनों में निर्धारित नियमों का पालन करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में लागू दिशा-निर्देशों का ध्यान रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
थाना प्रभारी विकास बघेल ने बैठक में पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई। शोभायात्रा एवं विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखने और आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और दुर्गा उत्सव समितियों की सहभागिता रही। प्रशासन का उद्देश्य नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। प्रशासन ने सभी समितियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील की, ताकि पर्व के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा भी कायम रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे