दूसरे संकुलों में होगी 5वीं-8वीं की कॉपियों की जांच, बोर्ड तर्ज पर नई व्यवस्था लागू
धमतरी, 23 मार्च (हि.स.)। धमतरी जिले में इस वर्ष 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं पूरी तरह नए स्वरूप में आयोजित की जा रही हैं। शिक्षा विभाग ने इन परीक्षाओं को केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत बोर्ड की तर्ज पर संचालित करने का निर्णय लिया है, जिससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
इस नई व्यवस्था के तहत अब विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन उनके स्वयं के स्कूल में न होकर अन्य संकुलों में किया जाएगा। विभाग ने इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और मूल्यांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संचालित करने की रूपरेखा तय कर दी गई है। जिले के लगभग 880 प्राथमिक और 445 माध्यमिक विद्यालयों में ये परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। 5वीं कक्षा की परीक्षा 16 मार्च से शुरू हुई है जो 25 मार्च तक चलेगी, जबकि 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से प्रारंभ हुई है जो छह अप्रैल तक जारी रहेगी।
हालांकि इस बार अलग परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं, इसलिए छात्र अपने-अपने स्कूलों में ही परीक्षा दे रहे हैं। लेकिन मूल्यांकन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए कॉपियों की जांच दूसरे संकुलों में कराई जाएगी, ठीक उसी तरह जैसे बोर्ड परीक्षाओं में होता है। मूल्यांकन पूर्ण होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उत्तर पुस्तिकाएं संबंधित स्कूलों को वापस सौंपी जाएंगी और इसके पश्चात अंकसूची जारी की जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए विभाग द्वारा उड़नदस्ता टीमों का भी गठन किया गया है, जो विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था पर नजर रख रही हैं। इस नई पहल से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ विद्यार्थियों के मूल्यांकन में निष्पक्षता सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा