बलौदाबाजार : टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों की होगी अब साप्ताहिक जाँच

 

बलौदाबाजार, 16 सितंबर (हि.स.)। बच्चों में पाए जाने वाले टाइप-1 डायबिटीज के बेहतर नियंत्रण एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला अस्पताल में साप्ताहिक टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक का उद्घाटन किया गया। इससे जिले के प्रभावित बच्चों को नियमित इलाज व फॉलोअप की सुविधा उपलब्ध होगी। क्लीनिक में टाइप-1 डायबिटीज से ग्रसित बच्चों को चिकित्सकीय सलाह के साथ काउंसलिंग की जाएगी ।

बच्चों एवं उनके अभिभावकों को मधुमेह के बेहतर प्रबंधन, इंसुलिन के नियमित सेवन तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी जाएगी। डब्ल्यू जे सी एफ के तकनीकी सहयोग से यह क्लीनिक हर बुधवार को संचालित होगा। इससे जिले के बच्चों को इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें जिला अस्पताल में ही निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी।

टाइप-1 में शरीर इंसुलिन बनाना लगभग बंद कर देता है या बहुत कम बनाता है। नतीजा यह होता है कि खून में शुगर का स्तर बहुत बढ़ जाता है। टाइप-1 डायबिटीज का इलाज जीवन भर इंसुलिन इंजेक्शन या इंसुलिन पंप से होता है। इसके साथ ही नियमित ब्लड शुगर चेक करना,सही आहार,व्यायाम नियमित डॉक्टर की सलाह, जल्दी पता लगने और सही प्रबंधन से बच्चे सामान्य जीवन जी सकते हैं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. के. के. टेम्भूरने, डीपीसी संजय कुमार, अस्पताल सलाहकार रीना सलूजा एवं डॉ. स्वाति शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, नर्सिंग ऑफिसर व काउंसलर मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर