रायगढ़ में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई, 1.21 करोड़ रुपये का स्क्रैप और छह वाहन जब्त

 


रायगढ़ 26 सितंबर (हि.स.)। रायगढ़ पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अवैध स्क्रैप कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.21 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने शुक्रवार काे छह अलग-अलग मामलों में 129.840 टन स्क्रैप और छह वाहनों को कब्जे में लिया है।

थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के अनुसार, पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में स्थानीय उद्योगों में अवैध रूप से स्क्रैप खपाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। पहले मामले मेंं 14 चक्का ट्रक क्रमांक यूपी 63 एटी 2054 में विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, राड एवं वाहनों के पार्ट्स का स्क्रैप लोड कर रायगढ़ की ओर से पूंजीपथरा स्थित प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रायगढ़ रोड स्थित स्केनिया प्लांट के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। चालक ने अपना नाम राकेश गिरी (32) निवासी गोसाईपुर, थाना रामपुर, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें टीन, लोहे के टुकड़े, राड एवं वाहनों के पार्ट्स सहित करीब 23.990 टन स्क्रैप मिला, जिसकी कीमत करीब 8.49 लाख तथा ट्रक की कीमत करीब 15 लाख आंकी गई।

चालक ने पूछताछ में स्क्रैप को सरगुजा से लोड कर प्लांट में खपाने के लिए लाना बताया, लेकिन परिवहन एवं स्क्रैप से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक एवं स्क्रैप को विधिवत जब्त कर आरोपित राकेश गिरी के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) बीएनएसस/303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।

इसी बीच पूंजीपथरा पुलिस को मुखबिर से एक और सूचना मिली कि रायगढ़ रोड, पूंजीपथरा-तमनार चौक की ओर से कई वाहनों में भारी मात्रा में लोहे-टीन का स्क्रैप लोड कर प्लांटों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 वाहनों को रोककर जांच की, जिनमें भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार का टीन, लोहे के टुकड़े, राड, वाहनों के पार्ट्स एवं अन्य स्क्रैप लोड मिला।

पहले वाहन 14 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 14 एमएफ 0223 के चालक जहांगीर अंसारी (49) , निवासी भड़गांव, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड के कब्जे से करीब 18.350 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹7,70,700 जब्त किया गया।

दूसरे वाहन 12 चक्का ट्रक क्रमांक ओडी 05 आर 7085 के चालक मनीष कुमार (23 ), निवासी नसरतपुर, थाना धनरूआ, जिला पटना, बिहार के कब्जे से करीब 24.830 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10,54,778 जब्त किया गया।

वहीं तीसरे वाहन 6 चक्का माजदा क्रमांक सीजी 22 यू 3873 के चालक अभिमन्यु साहू (42), निवासी फर्सवानी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कब्जे से करीब 13.040 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹5,77,020 जब्त किया गया।

चौथे वाहन 12 चक्का ट्रक क्रमांक ओडी 29 डी 4325 के चालक अविनाश कुमार (37) निवासी प्लांट नंबर 989/4258, लक्ष्मीसागर, भुवनेश्वर, जिला खुर्दा, ओडिशा के कब्जे से करीब 25.510 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10,83,665 जब्त किया गया।

पांचवें वाहन 12 चक्का ट्रक क्रमांक ओडी 19 सी 4666 के चालक राकेश कुमार पिता किशुन देव कुमार, (33), निवासी बहराम, थाना धनरूआ, जिला पटना, बिहार के कब्जे से करीब 24.120 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10,24,618 जब्त किया गया।

इस प्रकार पूंजीपथरा पुलिस द्वारा की गई 6 अलग-अलग कार्रवाई में कुल 129.840 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹53.60 लाख तथा 6 वाहन, जिनकी कुल कीमत करीब 68 लाख रुपये है, को जब्त किया गया। कुल जब्ती करीब 1.21 करोड़ रुपये की है। जब्त स्क्रैप के स्रोत, परिवहन एवं संभावित खपत के संबंध में पूंजीपथरा पुलिस आगे जांच की जा रही है।

इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने शनिवार काे कहा कि “ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के अपराधों पर अंकुश लगाने तथा चोरी के माल की खपत, अवैध कबाड़ के परिवहन एवं संदिग्ध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है। कबाड़ के नाम पर चोरी के माल को खपाने अथवा बिना वैध दस्तावेजों के संदिग्ध स्क्रैप का परिवहन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में वाहन मालिक, परिवहनकर्ता एवं माल की खपत से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान